एलन मस्क ने छोड़ा ट्रंप सरकार का साथ : 'DOGE' विभाग से दिया इस्तीफा, टैक्स बिल पर नाराजगी के बाद फैसला; राजनीति से बनाई दूरी

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी अरबपति और टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार का साथ छोड़ दिया है। मस्क ने ‘डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE)’ के चीफ पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने गुरुवार सुबह X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी। मस्क का यह फैसला ट्रंप सरकार के नए टैक्स बिल ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट’ को लेकर हुई नाराजगी के बाद सामने आया है। उन्होंने इस बिल की कड़ी आलोचना की थी और इसे 'फिजूलखर्ची बढ़ाने वाला' बताया था।
सिर्फ 130 दिन चल ट्रंप और मस्क की जुगलबंदी
2024 के राष्ट्रपति चुनाव में मस्क ने खुलकर ट्रंप का समर्थन किया था। उन्होंने ट्रंप के प्रचार अभियान में 277 मिलियन डॉलर खर्च किए और चुनाव जीतने के बाद 20 जनवरी 2025 को उन्हें DOGE प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस विभाग का उद्देश्य सरकारी खर्चों को कम करना और नौकरशाही में सुधार करना था। ट्रंप का दावा था कि, मस्क हर साल सरकार के 2 ट्रिलियन डॉलर बचा सकते हैं।सरकारी विभागों में बदलाव की मस्क की कोशिशें
- DOGE प्रमुख बनने के बाद मस्क ने कई बड़े फैसले लिए।
- 56,000 सरकारी कर्मचारियों की छंटनी की गई।
- 75,000 कर्मचारियों ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (बायआउट) स्वीकार किया।
- USAID और Voice of America जैसी एजेंसियों को बंद करने की कोशिश की गई।
- ट्रेजरी डिपार्टमेंट और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डेटा सिस्टम तक DOGE टीम ने पहुंच बनाई, जिससे विवाद हुआ।
- सरकारी कर्मचारियों से उनके काम का हिसाब मांगा गया, जिससे कई एजेंसियों में नाराजगी फैली।
- इस सबके विरोध में अप्रैल महीने में अमेरिका और यूरोप में मस्क के खिलाफ प्रदर्शन हुए। टेस्ला की कारें जलाई गईं और कंपनी के शेयरों में गिरावट देखी गई।




















