
Donald Trump Warns Apple। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर iPhone निर्माता कंपनी Apple को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर Apple अमेरिका के बाहर iPhone बनाता है तो उसे 25% आयात शुल्क (टैरिफ) देना होगा। ट्रंप का कहना है कि अमेरिका में बिकने वाले iPhones का निर्माण अमेरिका में ही होना चाहिए।
ट्रंप ने कहा – भारत में प्लांट्स बंद करो
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि उन्होंने Apple के CEO टिम कुक से पहले ही कह दिया था कि अमेरिका में बिकने वाले iPhones का निर्माण सिर्फ अमेरिका में हो। उन्होंने टिम कुक से भारत में iPhone उत्पादन बंद करने की भी बात कही।
Apple के लिए मुश्किलें बढ़ीं, मुनाफे पर पड़ सकता है असर
अगर ट्रंप की यह चेतावनी लागू होती है तो iPhone की कीमतें अमेरिका में बढ़ सकती हैं और Apple के मुनाफे पर सीधा असर पड़ेगा। Apple अब उन बड़ी कंपनियों में शामिल हो गई है जो ट्रंप के निशाने पर हैं।
भारत में iPhone बनाने की थी बड़ी योजना
Apple चीन पर अपनी निर्भरता कम करना चाहता है और इसके लिए उसने भारत को नया विकल्प चुना है। कंपनी चाहती थी कि 2025 के अंत तक अमेरिका में बिकने वाले अधिकांश iPhones भारत में बने।
भारत में कौन बना रहा है iPhone?
- भारत में iPhone बनाने की ज़िम्मेदारी Foxconn, Tata Group और Pegatron जैसी कंपनियों के पास है।
- Foxconn दक्षिण भारत में बड़ा प्लांट चला रही है।
- Tata Electronics ने Wistron का कारोबार खरीदा है।
- Pegatron भी भारत में iPhone असेंबली कर रही है।
iPhone निर्माण में भारत की बड़ी छलांग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्च 2024 तक Apple ने भारत में लगभग 22 अरब डॉलर (₹1.83 लाख करोड़) के iPhones असेंबल किए। ये पिछले साल की तुलना में करीब 60% ज्यादा है।
डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से साफ है कि वे अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना चाहते हैं। लेकिन इससे Apple की ग्लोबल सप्लाई चेन और भारत में बने iPhones के भविष्य पर असर पड़ सकता है।