Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिल्ली में तेज आंधी-बारिश के बीच बड़ा हादसा : चार मंजिला इमारत ढही, 4 की मौत; मलबे में दबे कई लोग

Follow on Google News
दिल्ली में तेज आंधी-बारिश के बीच बड़ा हादसा : चार मंजिला इमारत ढही, 4 की मौत; मलबे में दबे कई लोग
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में शुक्रवार देर रात एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र के शक्ति विहार इलाके में रात करीब 2:50 बजे हुआ जब अधिकतर लोग गहरी नींद में थे। इस इमारत में करीब 20 लोग रह रहे थे। अभी तक की जानकारी के मुताबिक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 को मलबे से जिंदा निकाला गया है। 10 से ज्यादा लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है।

तेज बारिश-आंधी की वजह से हुआ हादसा?

शुक्रवार (18 अप्रैल) रात दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ली थी। तेज आंधी और बारिश की वजह से कई इलाकों में नुकसान की खबरें सामने आईं। माना जा रहा है कि, इसी के चलते शक्ति विहार की यह इमारत भी गिर गई। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत नई और मजबूत थी, लेकिन जिस प्लॉट पर वह बनी थी वह 'L' शेप में था, जो गिरने की एक वजह हो सकती है। यह हादसा पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो के मुताबिक, बिल्डिंग शुक्रवार रात 2:39 बजे गिरी। फुटेज में देखा जा सकता है कि इमारत गिरते ही आसपास धूल का बड़ा गुबार उठ गया।

पुलिस कर रही जांच

डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया, "हमें रात 2:50 बजे सूचना मिली कि एक मकान गिर गया है। जब हम पहुंचे, तो पाया कि पूरी चार मंजिला इमारत मलबे में तब्दील हो चुकी है और कई लोग अंदर फंसे हैं।" वहीं एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि अब तक 18 लोगों को बाहर निकाला गया है। 4 की मौत हो चुकी है और कुछ की हालत गंभीर है। अभी मलबे में और लोगों के दबे होने की संभावना है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। लोग डरे हुए हैं और कई ने रात में ही अपने घर खाली कर दिए। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। फिलहाल, प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।

घायलों में कई की हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव कार्य में 40 से अधिक लोग लगे हुए हैं। मलबे से घायलों को निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया है। घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है ताकि दबे लोगों को तेजी से खोजा जा सके। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोग भी लगातार मदद कर रहे हैं। कई चश्मदीदों ने बताया कि घटना के बाद आसपास धूल का गुबार छा गया था। लोगों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया था।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान चांदनी, दानिश, रेशमा और नावेद के रूप में हुई है। 14 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। एक मृतक के रिश्तेदार शहजाद अहमद ने बताया कि हादसे में उनके दो भतीजों की मौत हो गई और उनकी बहन, बहनोई और भतीजी घायल हैं। ये भी पढ़ें- Aaj ka Rashifal 19 April 2025 : शनिवार का दिन सभी 12 राशियों के लिए क्या खास लेकर आया है… पढ़ें दैनिक राशिफल
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts