Delhi News : हैदरपुर फ्लाईओवर पर अचानक रुका सीएम रेखा गुप्ता का काफिला, CM ने दिए सड़क पर पशुओं को आने से रोकने के निर्देश
- दिल्ली को स्वच्छ बनाने की अपील, मेट्रो पिलर्स पर पोस्टर-बैनर हटाने के निर्देश

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार को मेट्रो पिलर्स के निरीक्षण के लिए निकलीं। इस दौरान शालीमार बाग के हैदरपुर फ्लाईओवर पर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। जब उनका काफिला फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो अचानक चार से पांच गायें बीच सड़क पर आ गईं। चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे दुर्घटना टल गई।
इस दौरान सीएम का काफिला करीब 15 मिनट तक रुका रहा। इसी दौरान सीएम रेखा गुप्ता गाड़ी से उतरीं और अधिकारियों को पशुओं को सड़क पर आने से रोकने के लिए उपाय लागू करने के निर्देश दिए।
दिल्ली को स्वच्छ बनाने की अपील
निरीक्षण के दौरान सीएम गुप्ता ने मेट्रो पिलर्स पर चिपके पोस्टर्स और होर्डिंग्स पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का अधिकार किसी को नहीं है, चाहे वह मुख्यमंत्री ही क्यों न हो। मेरा सबसे अनुरोध है कि दिल्ली को गंदा न करें। मेट्रो के खंभे हमारी दिल्ली की खूबसूरती का हिस्सा हैं, इसलिए इन पर होर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर नहीं लगाए जाने चाहिए। हमें मिलकर दिल्ली को स्वच्छ बनाना है।"





















