Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

DA Hike : सरकार का केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी; 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को फायदा

Follow on Google News
DA Hike : सरकार का केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी; 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को फायदा
नई दिल्ली। सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों (DA) और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते की दर में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। 8वें वेतन आयोग के लागू होने से पहले इस बढ़ोतरी के साथ ही अब केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (DA) और पेंशनर्स का महंगाई राहत (DR) 53 फीसदी से बढ़कर 55 फीसदी हो जाएगा। इसका फायदा करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनर्स को होगा। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2025 से लागू होगी।

जुलाई 2024 में की थी 3% बढ़ोतरी

इससे पहले बढ़ोतरी जुलाई 2024 में हुई थी, जब महंगाई भत्ता 50 फीसदी से बढ़ाकर 53 फीसदी कर दिया गया था। अब 2 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में 2 फीसदी का और महंगाई भत्ता जोड़ा जाएगा। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2025 से प्रभावी मानी जाएगी। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स को लाभ मिलेगा।

कितनी बढ़ जाएगी सैलरी?

  • अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50 हजार रुपए है, तो 53% DA के हिसाब से उसे 26,500 रुपए का महंगाई भत्ता मिलता था, लेकिन 55 फीसदी के DA के हिसाब से उसे 27,500 रुपए का डीए मिलेगा। यानी कर्मचारियों की सैलरी में 1 हजार रुपए का इजाफा होगा।
  • वहीं 70 हजार रुपए की बेस‍िक सैलरी पर अभी महंगाई भत्ता 37,100 रुपए मिलता था, लेकिन 55 फीसदी DA के हिसाब से 38,500 रुपए महंगाई भत्ता मिलेगा। यानी ऐसे कर्मचारियों की सैलरी में 1,400 रुपए की बढ़ोतरी होगी।
  • इसी तरह, 1 लाख रुपए बेसिक सैलरी वालों को 53 प्रतिशत DA के हिसाब से 53 हजार रुपए महंगाई भत्ता मिलता था, लेकिन अब 55 फीसदी के हिसाब से 55 हजार रुपए का DA मिलेगा। यानी कर्मचारियों की सैलरी में 2 हजार रुपए मंथली की बढ़ोतरी होगी।

7 साल में सबसे कम महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी

आमतौर पर महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी 3% से 4% के बीच होती है, लेकिन इस बार बढ़ोतरी सिर्फ़ 2% है, जो पिछले सात सालों में सबसे कम है। वहीं सरकार आम तौर पर होली और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों से पहले महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा करती है। लेकिन इस बार इसकी घोषणा होली के बाद की गई।

2 महीने का मिलेगा एरियर

सरकार ने महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान मार्च के महीने में किया है। ऐसे में दो महीने का बकाया भी एक साथ जोड़कर मार्च की सैलरी के साथ दिया जाएगा। जनवरी और फरवरी महीने के साथ मार्च का भी महंगाई भत्ता एकसाथ सैलरी में जोड़कर कर्मचारियों के खाते में भेजा जाएगा। अगर किसी केंद्रीय कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 19 हजार रुपए होगी तो उसे महंगाई भत्ते के तौर पर 10,070 रुपए मिलता था। अब 2 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद यह भत्ता 10,450 रुपए हो गया है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts