
भोपाल। 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन को मध्य प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। सोमवार (30 सितंबर) को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके नाम पर सहमति दी है। तमाम अटकलें पर विराम लगाते हुए राज्य सरकार ने आज उनकी नई प्रतिनियुक्ति के संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अनुराग जैन का कार्यकाल एक साल का होगा।
30 सितंबर यानी आज मौजूदा मुख्य सचिव वीरा राणा का सर्विस एक्सटेंशन खत्म हो रहा है। उनके उत्तराधिकारी के तौर पर जैन का चयन किया गया है।
CM मोहन यादव की पसंद हैं अनुराग जैन
अनुराग जैन की नियुक्ति का आधार उनका अनुभव और सीनियोरिटी है। हालांकि वे सीएम डॉ मोहन यादव की पसंद भी हैं। अनुराग जैन को सीएस बनाने की चर्चा नौ महीने पहले भी हुई थी, जब उन्होंने दिल्ली में एमपी भवन में सीएम डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी। तभी से माना जा रहा था कि वह जल्द ही एमपी लौट सकते हैं।
30 मई 2020 से अनुराग जैन केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे। पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के एक्सटेंशन के दौरान भी जैन के मुख्य सचिव बनने की चर्चा थी, लेकिन केंद्र ने उन्हें पदमुक्त नहीं किया।
केंद्र में सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की कमान
- 10 साल पहले पीएमओ में संयुक्त सचिव रहे अनुराग जैन को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में सबसे अहम मंत्रालय सड़क, परिवहन और राजमार्ग की कमान सौंपी गई है।
- अनुराग जैन दो बार मध्य प्रदेश के तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान के सचिव रह चुके हैं।
- वे भोपाल के कलेक्टर भी रह चुके हैं।
- वित्तीय प्रबंधन का जैन को अच्छा जानकार माना जाता है।
- यही वजह है कि 2019 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद कमलनाथ सरकार ने उन्हें वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन मई 2020 में वह फिर प्रतिनियुक्ति पर केंद्र में चले गए।
- दिसंबर 2013 से फरवरी 2014 तक, अनुराग जैन ने भारतीय निर्यात-आयात बैंक के कार्यवाहक अध्यक्ष और कार्यवाहक प्रबंध निदेशक के रूप में भी कार्य किया।
1989 बैच के IAS अधिकारी हैं अनुराग जैन
- 1989 बैच के IAS अधिकारी अनुराग जैन को 30 सितंबर 2024 को मध्य प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया।
- अभी वे प्रतिनियुक्ति पर सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय में सचिव हैं।
- जनवरी में मोहन यादव से उनकी भेंट हुई थी, तभी जैन का नाम तय हो गया था।
- मार्च में वीरा राणा को 6 महीने का एक्सटेंशन मिला था।
- अनुराग जैन 30 मई 2020 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।
- अनुराग जैन के साथ इसी बैच के मोहम्मद सुलेमान (स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव) और जेएन कंसोटिया (फॉरेस्ट एंड फूड प्रोसेसिंग) भी मुख्य सचिव की दौड़ में थे।
कुछ दिन पहले सीएम से मिले थे अनुराग जैन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दिनों पहले अनुराग जैन भोपाल आए थे और सीएम डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी। जैन कई जिलों के कलेक्टर रह चुके हैं। वर्तमान में वह केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव के पद पर पदस्थ है।
चर्चा में थे ये नाम
मुख्य सचिव पद के लिए अनुराग जैन के साथ-साथ राजेश राजौरा, मोहम्मद सुलेमान और जेएन कंसोटिया के नाम भी चर्चा में थे।