Rishi oghma
12 Dec 2025
छतरपुर। छतरपुर जिले के प्राचीन और प्रतिष्ठित जैन तीर्थ नैनागिरि में एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। जहां अज्ञात बदमाशों ने शुक्रवार रात चौबीसी जिनालय में घुसकर ग्राइंडर मशीन से ताले काटे और लाखों रुपए की नकदी चुराकर फरार हो गए।
चोरों ने जिनालय क्रमांक 40 के मुख्य द्वार का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद गुप्त भंडार सहित अन्य कई ताले तोड़े और मुख्य दानपात्र से करीब 2 से 3 लाख रुपए की नकदी चुराकर फरार हो गए। चोरों ने जिनालय क्रमांक 37 के ताले को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। छतरपुर के एसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए।
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी 2012, 2016, 2021, 2022 और 2023 में इस पवित्र तीर्थ स्थल पर इसी तरह की चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।