अंतर्राष्ट्रीयखेलताजा खबरमध्य प्रदेशमनोरंजनराष्ट्रीय

एक्ट्रेस डिंपल बनकर सिंपल पहुंची बद्रीनाथ, क्यू में लगकर किए दर्शन

चमोली। हिंदी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया शनिवार को उत्तराखंड के बद्रीनाथ पहुंचीं। अपनी नातिन के साथ उन्होंने बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर डिंपल भाव विभोर हो गईं। उन्होंने श्रद्धा पूर्वक इस देवभूमि के बारे में जाना। साथ ही आम श्रद्धालु की तरह लाइन लगकर भगवान के दर्शन किए। वे सिर पर हैट पहने थीं। इसलिए लोग उन्हें पहचान न सके। दर्शन के उपरांत उन्होंने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कार्यालय में समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय से भेंट कर भगवान बदरी विशाल के महात्म्य की पूरी जानकारी ली। अजेंद्र अजय ने उन्हें बद्रीनाथ केदारनाथ सहित चारों धामों की संपूर्ण जानकारी दी। अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने डिंपल कपाड़िया को भगवान बदरी विशाल का प्रसाद और अंग वस्त्र भेंट किए।

आज की अन्य खबरें…..

मध्य प्रदेश के रीवा में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दंपति की मौत; तीन की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 30 पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, बेटा सहित तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों घायलों को रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। फिलहाल, पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

मध्य प्रदेश सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ का कलमबंद आंदोलन स्थगित

भोपाल। मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया से महासंघ की मांगों का विधिसम्मत ढंग से निराकरण किए जाने का आश्वाशन मिलने पर मध्य प्रदेश सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ ने आज कलमबंद आंदोलन को स्थगित कर दिया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार महासंघ ने जारी लिखित बयान में स्पष्ट किया है कि आंदोलन किसानों के हित में स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। महासंघ ने कहा कि शासन उनकी मांगों का समय-सीमा में निराकरण करेगा। महासंघ विभिन्न मांगों को लेकर 6 मई से कलमबंद आंदोलन पर था।

बास्केटबॉल खिलाड़ी किरण अजीत पाल सिंह का निधन

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी किरण अजीत पाल सिंह का शनिवार को निधन हो गया। 69 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। किरण अजील पाल सिंह कुछ समय से बीमार थी। वह अपने पीछे पति और दो बेटे छोड़ गई हैं। किरण अजीत पाल सिंह का अंतिम संस्कार कल नई दिल्ली में किया जाएगा। वह हॉकी विश्व कप-1975 के विजेता भारतीय टीम के कप्तान रहे पद्मश्री और ओलंपियन अजीत पाल की पत्नी थीं। खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने अजीत पाल सिंह के साथ दुख सांझा करते हुए कहा कि उनके जाने से खेल जगत को बहुत घाटा हुआ है। उन्होंने कहा कि अजीत पाल सिंह और उनकी पत्नी किरण अजीत पाल सिंह दोनों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य और देश का नाम रोशन किया है। हेयर ने अजीत पाल सिंह के साथ गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। अजीत पाल सिंह ने जहां हॉकी खेल में विश्व कप और ओलंपिक खेल में भारत की कप्तानी की, वहीं उनकी पत्नी किरण अजीत पाल सिंह ने बास्केटबॉल में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और ओलंपियन ब्रायन बूथ का निधन

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और हॉकी ओलंपियन ब्रायन बूथ का निधन हो गया है। वह 89 वर्ष के थे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। बूथ ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 29 टेस्ट मैच खेले जिनमें से दो मैचों में वह कप्तान भी रहे। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में पांच शतक लगाए। वह 1960 के दशक के शुरुआती वर्षों में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के महत्वपूर्ण सदस्य थे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 42.21 की औसत से 1773 रन बनाए। इसके साथ ही बूथ ने 1956 में मेलबर्न में खेले गए ओलंपिक खेलों में ऑस्ट्रेलिया की हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व भी किया था। उनके निधन के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। मध्यक्रम के बल्लेबाज बूथ ने 1962 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले घरेलू टेस्ट मैच में शतक जड़ा था। इसके बाद मेलबर्न में खेले गए अगले टेस्ट मैच में भी उन्होंने शतक बनाया था।

संबंधित खबरें...

Back to top button