Shivani Gupta
18 Oct 2025
Aakash Waghmare
18 Oct 2025
Aditi Rawat
18 Oct 2025
Aakash Waghmare
18 Oct 2025
आज रंगों की बौछार के तुरंत बाद नगर निगम के सफाई मित्र शहर की सफाई में जुट जाएंगे। नगर निगम का लक्ष्य है कि स्वच्छ सर्वे की प्रक्रिया में कोई रुकावट न आए और होली के रंगों के बाद शहर की सुंदरता को बरकरार रखा जाए। इस काम में निगम के लगभग 10,000 कर्मचारी और अधिकारी शामिल है। पहली बार नगर निगम होली के रंग में रंगे कपड़े घरों से इकट्ठा करेगा। अनुमान है कि इस दौरान लगभग 6 क्विंटल कपड़ा एकत्रित हो सकता है। इन कपड़ों को रिसाइकल करने के लिए अन्ना नगर में एक रिसाइक्लिंग स्टेशन भी बनाया जा रहा है, जहां इनसे धागे बनाए जाएंगे।
भोपाल में हर रोज़ 5.57 लाख घरों और दुकानों से लगभग 900 टन कचरा निकलता है। इस कचरे को इकट्ठा करने के लिए नगर निगम के पास 465 गाड़ियाँ हैं। निगम 1700 टन कचरा एक दिन में आसानी से उठा सकता है। सफाई मित्रों को इस काम में लगाया गया है, ताकि होली के रंगों के बाद शहर स्वच्छ बना रहे।
नगर निगम ने शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए 100 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इस दौरान 52 नई सड़कों का निर्माण किया गया है, दीवारों पर पेटिंग की गई है, फाउंटेन लगाए गए हैं और लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। इन सुधारों के साथ, निगम को चिंता है कि होली के दौरान लोग इन संरचनाओं को नुकसान न पहुंचाएं। इसके लिए हर वार्ड में एक टीम बनाई गई है, जो सीसीटीवी कैमरों के जरिए शहर की सुंदरता को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति पर नजर रख रही है। यदि कोई इन संरचनाओं को नुकसान पहुंचाता है, तो पुलिस उन पर कार्रवाई कर रही है।
नगर निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का जश्न खुशी और उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन ध्यान रखें कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा, "लोग होली जमकर मनाएं, लेकिन ध्यान रखें कि शहर की सुंदरता न बिगड़े।"