ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

Bhopal News : पढ़ाई छोड़ने के बाद तनाव में था युवक, माता-पिता से विवाद के बाद 5वीं मंजिल से लगाई छलांग

भोपाल के निशातपुरा इलाके में रविवार देर रात एक 18 वर्षीय युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्मघाती कदम उठा लिया। जानकारी के अनुसार विशाल तोमर नामक युवक ने माता-पिता से बहस के बाद पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

10वीं में फेल होने के बाद छोड़ी पढ़ाई

पुलिस के मुताबिक, विशाल तोमर पढ़ाई में कमजोर था और दसवीं कक्षा में फेल होने के बाद उसने स्कूल जाना छोड़ दिया था। वह बीडीए कॉलोनी, नबी बाग में अपने माता-पिता के साथ रहता था। उसके पिता एक प्राइवेट कंपनी में सुपरवाइजर हैं।

विवाद के बाद किया खुद को कमरे में बंद

रविवार की रात किसी बात को लेकर विशाल की अपने माता-पिता से बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि उसे घर से बाहर निकाल दिया गया और मेनगेट को बाहर से बंद कर दिया गया। इसके बाद विशाल पांचवीं मंजिल पर गया और वहां से छलांग लगा दी।

पड़ोसियों की मदद से खोला गया गेट

परिजनों ने जब विशाल को नहीं देखा तो उन्होंने पड़ोसियों की मदद से गेट खुलवाया। बाहर निकलकर देखा तो विशाल खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। परिजन तुरंत उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कर रही जांच

विशाल अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। उसका बड़ा भाई कटनी में नौकरी करता है और बहन की शादी हो चुकी है। माता-पिता अभी गहरे सदमे में हैं, जिससे उनके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

संबंधित खबरें...

Back to top button