
टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर लेखक मनोज संतोषी, जिन्होंने ‘भाबीजी घर पर हैं’, ‘हप्पू की उलटन पलटन’ और ‘जीजाजी छत पर हैं’ जैसे सुपरहिट शो लिखे, अब हमारे बीच नहीं रहे। 23 मार्च को लीवर की गंभीर बीमारी के चलते हैदराबाद में उनका निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए बुलंदशहर लाया जा रहा है।
फैंस से की गई थी दुआओं की अपील
मनोज संतोषी पिछले कुछ समय से लीवर से जुड़ी समस्या का सामना कर रहे थे। उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए ‘एफआईआर’ फेम कविता कौशिक ने फरवरी 2025 में फैंस से उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करने की अपील भी की थी। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें मनोज अपनी मस्तीभरी अंदाज में नजर आ रहे थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
एक्टर और सिंगर बनने का था सपना
मनोज संतोषी सिर्फ एक लेखक ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने एक्टिंग और सिंगिंग में भी अपनी किस्मत आजमाई थी। ‘होटल ब्यूटीफुल’ और ‘तेरा मेरा टेढ़ा मेढ़ा’ जैसे शोज में उन्होंने एक्टिंग की थी। दिलचस्प बात यह है कि वह शुरुआत में सिंगर बनने के लिए मुंबई आए थे, लेकिन फिर लेखन को ही अपना करियर बना लिया और कई लोकप्रिय शोज के लिए स्क्रिप्ट लिखी।
10 साल से दर्शकों का फेवरेट बना हुआ है ‘भाबीजी घर पर हैं’
‘भाबीजी घर पर हैं’ 10 सालों से लगातार दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है। इस शो ने 2550 से ज्यादा एपिसोड पूरे कर लिए हैं और इसकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई। हालांकि, शो की कास्ट में समय-समय पर बदलाव हुए, लेकिन इसकी कॉमेडी और मनोरंजन ने इसे आज भी दर्शकों का पसंदीदा बनाए रखा है।
मनोज संतोषी का जाना इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति
मनोज संतोषी के निधन से टीवी इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। उनके लेखन ने कई शोज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। अब बुलंदशहर के रामघाट पर उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। उनका जाना एक अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनकी लिखी कहानियां और यादें हमेशा जिंदा रहेंगी।
One Comment