Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मप्र भाजपा के 62 जिलों में फिलहाल वन मैन आर्मी, ढाई महीने से टीम ही नहीं!

सभी जिलाध्यक्षों को भोपाल के संकेत का इंतजार, मंडलों की कार्यकारिणी भी घोषित नहीं
Follow on Google News
मप्र भाजपा के 62 जिलों में फिलहाल वन मैन आर्मी, ढाई महीने से टीम ही नहीं!

राजीव सोनी-भोपाल। भाजपा संगठन में राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष नियुक्ति के इंतजार में जिलों की टीम भी अटकी पड़ी है। राजधानी भोपाल जिला सहित प्रदेश संगठन के सभी 62 जिलों में अध्यक्षों की ताजपोशी तो हो गई लेकिन उनकी कार्यकारिणी नहीं बन पाई। मंडलों में भी यही स्थिति बनी हुई है। ढाई-तीन महीने से जिलाध्यक्ष और मंडलों के अध्यक्ष ‘वन मैन आर्मी’ बने हुए हैं। जिलों में टीम गठन को लेकर सभी अध्यक्षों को भोपाल के इशारे का ही इंतजार है। जिलों की टीम में अपने कार्यकर्ताओं को एडजस्ट कराने के लिए सांसदवि धायक और वरिष्ठ नेताओं का प्रेशर भी बना हुआ है।

पहली बार सभी जिलों में एक साथ ताजपोशी

प्रदेश में संभवत: यह पहला मौका है जब भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के पहले ही संगठन के सभी 62 जिलाध्यक्षों का जनवरी में ही निर्वाचन हो गया। दिसंबर 2024 में मंडलों के अध्यक्ष बन गए थे। जिलों में महामंत्री, उपाध्यक्ष और मंत्री सहित अन्य पदों के लिए एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति बनी हुई है। नए- पुराने सभी नेता अपने लोगों को टीम में रखने के प्रयास में लगे हैं। जिलाध्यक्ष अकेले काम कर रहे हैं। अध्यक्ष बदलने से पुरानी टीम भंग हो गई और नई टीम का गठन नहीं हुआ।

भोपाल जिले में 12 साल बाद गठित हुई थी नई टीम

भोपाल में जिलाध्यक्ष का कामकाज अन्य जिलों की तुलना में ज्यादा व्यस्त और चुनौतीपूर्ण है। यहां करीब ढाई महीने पहले रवींद्र यति अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उनकी टीम भी अभी गठित नहीं हुई है। भोपाल जिले में संगठन का पुराना रिकॉर्ड बाकी जिलों से अलग ही रहा है। निवृत्त जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने अपनी नियुक्ति के करीब डेढ़ साल बाद नई कार्यकारिणी घोषित की थी। उनके पूर्ववर्ती अध्यक्ष तो 10-12 साल तक पुराने पदाधिकारियों की टीम से काम ले रहे थे। जिलाध्यक्ष ही बदलते रहे, टीम यथावत रही।

प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के बाद

जिले की टीम का गठन प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के बाद ही हो पाएगा। हमारे यहां जिले के सभी नेताओं की सहमति से ही कार्यकारिणी गठन की परंपरा है। वैसे पुरानी टीम के पदाधिकारियों का सहयोग मिल रहा है। - रामकिशोर कांवरे भाजपा जिलाध्यक्ष, बालाघाट

विचार-विमर्श कर रहे

जिले की टीम बनाने के लिए विचार-विमर्श चल रहा है। इसके पहले मंडल की कार्यकारिणी का गठन होगा, इसकी एक्सरसाइज शुरू हो गई है। -राजेश पटेरिया भाजपा जिलाध्यक्ष, निवाड़ी

मंडलों में गठन की प्रोसेस

हां, यह सही है कि अभी जिला भाजपा की टीम नहीं बन पाई है। सभी नेताओं की राय-सलाह के बाद गठन करेंगे। फिलहाल मंडलों में कार्यकारिणी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। - बृजेंद्र मिश्रा भाजपा जिलाध्यक्ष, पन्ना

भोपाल की टीम जल्दी बनेगी

भोपाल जिले की नई कार्यकारिणी के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस बार जिले की टीम का गठन बहुत जल्दी करेंगे। 4-6 दिन में मंडलों की कार्यकारिणी का ऐलान हो जाएगा। - रवींद्र यति , भाजपा जिलाध्यक्ष, भोपाल

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts